कोंटा में यातायात जागरूकता व ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित, 300 से अधिक लोगों ने लिया भाग

सुकमा :- जिले के कोंटा थाना परिसर में आज कोंटा पुलिस एवं परिवहन विभाग सुकमा के संयुक्त तत्वावधान में “यातायात जागरूकता एवं ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 300 से अधिक नागरिकों ने अपने दस्तावेजों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लेकर लाइसेंस निर्माण हेतु आवेदन किया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंटा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
शिविर को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की ने ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन संबंधी दस्तावेजों की अनिवार्यता पर जोर देते हुए नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को “सुरक्षित रहें, सुरक्षित चलें” का संदेश देते हुए यातायात सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अनुभाग अधिकारी डॉ. प्रशांत देवांगन ने ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया, वाहन बीमा एवं यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी सलीम खाखा ने नागरिकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकें। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारी लोकेश मरकाम ने लाइसेंस बनाने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में उपस्थित यातायात अधिकारियों ने लोगों को ट्रैफिक संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जागरूक किया। आयोजन स्थल पर यातायात संबंधी पोस्टर व स्लोगन लगाए गए तथा नागरिकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े पम्पलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्र के युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना की।
इस सफल आयोजन में थाना कोंटा के सहायक उपनिरीक्षक महेश्वरानंद नेताम, शंकरलाल साहू, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, महिला आरक्षक एवं परिवहन व यातायात विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *