छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर सागौन तस्करी के खिलाफ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

सुकमा :- छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा से लगे गोलापल्ली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 22 अगस्त की रात हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में वन विभाग की टीम ने कुल 0.671 घन मीटर सागौन लकड़ी के साथ टाटा मैजिक और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पहली कार्रवाई कम्पार्टमेंट नंबर 876 में रात करीब एक बजे की गई। जंगल की ओर से आ रही टाटा मैजिक वाहन क्रमांक TS 04 UA 2436 को वन विभाग की टीम ने रोककर तलाशी ली। वाहन से 5 लट्ठे और एक स्लीपर, कुल 0.629 घन मीटर सागौन लकड़ी बरामद हुई। वन अमले को देखकर वाहन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई कम्पार्टमेंट नंबर 842 में रात करीब साढ़े 12 बजे हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों से सागौन के स्लीपर ले जाते हुए वन विभाग ने कार्रवाई की। दोनों मोटरसाइकिलों से कुल 0.042 घन मीटर सागौन लकड़ी जब्त की गई। इस दौरान एक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।

जब्त मोटरसाइकिलों में एक होंडा शाइन बिना नंबर प्लेट की है, जबकि दूसरी प्लैटिना मोटरसाइकिल क्रमांक AP20 M 3832 है।

वन विभाग ने कुल तीन वाहनों और 0.671 घन मीटर सागौन लकड़ी को जब्त कर लिया है। मामले में संबंधित वन अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

वन विभाग अधिकारी अक्षय दिनकर भोसले ने कहा कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *