दुर्गम गांव डब्बा पहुंचे जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
सुकमा :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘दिया अभियान’ के तहत जिला पंचायत सदस्य एवं अभियान प्रभारी हुंगाराम मरकाम सुकमा जिले के बेहद दुर्गम और पहुंचविहीन गांव डब्बा पहुंचे। गांव तक पहुंचना आज भी चुनौतीपूर्ण है। डब्बा जाने के लिए दंतेवाड़ा जिले की सीमा से होकर गुजरना पड़ता है।

जिला पंचायत सदस्य के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर उनके स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान हुंगाराम मरकाम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और गांव की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने सड़क, आवागमन समेत विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। समस्याएं सुनने के बाद जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम ने मौके से ही सुकमा कलेक्टर को फोन कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।
दुर्गम क्षेत्र में जनप्रतिनिधि की पहुंच से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही उनकी समस्याओं का अब समाधान हो सकेगा।
