कलेक्टर अमित कुमार ने किया जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण घर-घर पहुंचकर जनगणना की जानकारी खुद भरी

सुकमा :- जिले के कलेक्टर अमित कुमार ने कोंटा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत बंडा में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण कर प्रशासन की सक्रियता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। उनके अचानक पहुंचने से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों में तत्परता देखने को मिली और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हुई।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अमित कुमार ने केवल औपचारिक समीक्षा तक सीमित न रहकर पर्यवेक्षक के साथ स्वयं हितग्राहियों के घर जाकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनगणना के अंतर्गत शामिल 33 बिंदुओं पर हितग्राही हड़मे माड़वी और मड़कम सुक्की से सीधे संवाद कर आवश्यक विवरण पूछे और मकान नंबर, मुखिया का नाम, आधार नंबर तथा मोबाइल नंबर जैसी जानकारी स्वयं भरकर प्रक्रिया की पारदर्शिता को मजबूत किया।

कलेक्टर ने जनगणना के साथ-साथ ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, बिजली की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेकर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को गंभीरता से परखा।

कलेक्टर अमित कुमार की इस पहल से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और भरोसा और अधिक बढ़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सही हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *