रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल बस पलटी, महिला यात्री की मौत कई यात्री घायल

सुकमा :- रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस देर रात बस्तर जिले के बालेंगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 3:30 बजे बस्तर और भानपुरी के बीच हुआ। बस में लगभग 34 यात्री सवार थे। अचानक बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में कोंटा क्षेत्र की शिक्षिका पदमनी चंद्रवंशी बस के अंदर दब गईं, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक आज सुकमा कलेक्टर कार्यालय में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के रिजल्ट को लेकर बैठक आयोजित थी, जिसमें शामिल होने के लिए वे सफर कर रही थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के दौरान SDRF जवानों ने कटर और स्प्रेडर मशीन की मदद से बस को काटकर महिला के शव को बाहर निकाला।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *