सुकमा में शुरू हुआ अनूठा ‘मोबाइल ट्री एटीएम’, घर-घर पहुंच रहे निःशुल्क पौधे
सुकमा :- पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में वनमंडल सुकमा ने एक अभिनव पहल करते हुए जिले में ‘मोबाइल ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है। एटीएम की तर्ज पर तैयार इस विशेष वाहन के माध्यम से सुकमा नगर सहित आसपास के गांवों में घर-घर पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया जा रहा है।
इस अनूठी पहल को लोगों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। बड़ी संख्या में नागरिक मोबाइल ट्री एटीएम से पौधे प्राप्त कर पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान का हिस्सा बन रहे हैं। वन विभाग का उद्देश्य केवल पौधों का वितरण करना नहीं, बल्कि आमजन को पौधारोपण के प्रति जागरूक करते हुए हरित वातावरण के निर्माण में सहभागी बनाना है।
वनमंडल सुकमा ने कहा है कि पौधा लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित रखकर एक बड़े वृक्ष के रूप में विकसित करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में जिले का हरित क्षेत्र और पर्यावरण दोनों मजबूत होंगे।
वनमंडल सुकमा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें, निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, उनका संरक्षण करें और हरित एवं पर्यावरण-सुरक्षित सुकमा के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
