मेहनत ने बदली तक़दीर, 10वीं में 96.2% लाकर सुकमा टॉपर बनी योहाना
सीआरपीएफ परिवार की बेटी बनी सुकमा की शान
सुकमा :- जिले की दूरस्थ क्षेत्र की छात्रा योहाना ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन कर दिया है। सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में डीएवी स्कूल कोंटा से पढ़ाई करते हुए उन्होंने 96.2% अंक हासिल कर सुकमा जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। योहाना जिस क्षेत्र से आती हैं, वहां शैक्षणिक सुविधाएं अपेक्षाकृत कम हैं, फिर भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नया रिकॉर्ड कायम किया। खास बात यह है कि उनके माता-पिता सीआरपीएफ में सेवारत हैं, जहां ड्यूटी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने बेटी को हर संभव सहयोग और प्रेरणा दी। योहाना की यह सफलता सुरक्षा बलों से जुड़े परिवारों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक संदेश बनकर सामने आई है। अपनी सफलता पर योहाना ने बताया कि अनुशासन, नियमित पढ़ाई और समय प्रबंधन ही उनकी उपलब्धि का सबसे बड़ा मंत्र रहा। उन्होंने कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दिया और लगातार अभ्यास को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उनकी यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों को यह सीख देती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।