सुकमा जिले की बेटी ने कुमारी आर्या चौहान ने 10वीं में 93.3% अंक लाकर जिले में पाया 7वां स्थान
सुकमा :- जिले के लिए गर्व की बात है कि कुमारी आर्या चौहान ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 93.3% अंक प्राप्त किए हैं। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ उन्होंने पूरे सुकमा जिले में सातवां स्थान हासिल कर अपने परिवार, स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। आर्या चौहान, जितेंद्र सिंह चौहान की सुपुत्री हैं और स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कूकानार की छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय में खुशी की लहर है। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि आर्या शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि ने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है। परिजनों ने बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उसकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी आर्या को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। आर्या चौहान की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सुदूर क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी अगर ठान लें, तो किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकते हैं।
