समय से पहले तेंदूपत्ता संग्रहण बंद, अब उड़ीसा की ओर रुख कर रहे ग्रामीण
सुकमा :- जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य समय से पहले बंद होने के बाद ग्रामीणों के सामने रोज़गार और आय का संकट खड़ा हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि अब ग्रामीण ऑटो, ट्रैक्टर, बाइक और यहां तक कि जान जोखिम में डालकर नदी पार कर तेंदूपत्ता पड़ोसी राज्य उड़ीसा ले जाकर बेचने को मजबूर हो रहे हैं।

सुकमा के सीमावर्ती इलाकों में इन दिनों बड़ी संख्या में ग्रामीण तेंदूपत्ता के बोरे लेकर उड़ीसा की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिले में खरीदी बंद हो जाने के कारण उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। कई ग्रामीण रात के समय या सुबह-सुबह नदी पार कर उड़ीसा पहुंच रहे हैं, ताकि वहां तेंदूपत्ता बेचकर परिवार का खर्च चला सकें।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्रहण उनके लिए सालभर की सबसे बड़ी आमदनी का जरिया होता है। लेकिन इस बार समय से पहले संग्रहण बंद होने से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। मजबूरी में लोग जोखिम भरे रास्तों से सफर कर रहे हैं, जहां हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिले में कुछ दिनों तक और खरीदी जारी रहती, तो ग्रामीणों को दूसरे राज्य का रुख नहीं करना पड़ता। तेंदूपत्ता को लेकर बनी इस स्थिति ने अब ग्रामीणों की आर्थिक परेशानियों को उजागर कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रोज़ बड़ी संख्या में ग्रामीणों का उड़ीसा की ओर जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
