जिला यूनियन सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण ने बनाया नया रिकॉर्ड, लक्ष्य का 77.53 प्रतिशत पूर्ण
सुकमा :- जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित सुकमा अंतर्गत वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य विगत वर्ष की तुलना में अधिक प्रगति के साथ संपादित किया जा रहा है। इस वर्ष संग्रहण एवं संग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 तक कुल 84,038.431 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 77.53 प्रतिशत है।

गत वर्ष 2025 में लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 65 प्रतिशत संग्रहण हुआ था तथा संग्राहकों की संख्या 41,021 थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 46,620 पहुंच गई है।
जिला यूनियन सुकमा अंतर्गत कोंटा क्षेत्र की कई प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों ने लक्ष्य से अधिक संग्रहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। गोलापल्ली समिति में 129.11 प्रतिशत, पालाचलमा में 122.79 प्रतिशत, किस्टाराम में 126.11 प्रतिशत, पोलमपल्ली में 107.31 प्रतिशत तथा कोण्डरें में 101.02 प्रतिशत तेंदूपत्ता संग्रहण दर्ज किया गया है। कुछ फड़ों में अभी भी संग्रहण कार्य जारी है।
उल्लेखनीय है कि जगदलपुर वन वृत्त अंतर्गत सर्वाधिक तेंदूपत्ता संग्रहण जिला यूनियन सुकमा में किया गया है। इस वर्ष ऐसे फड़ों में भी संग्रहण कार्य प्रारंभ कराया गया है, जहां पिछले वर्ष विभिन्न कारणों से संग्रहण नहीं हो सका था। विशेष रूप से गोगुंडा जैसे पहाड़ी एवं दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में भी सफलतापूर्वक संग्रहण कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय संग्राहकों को रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में तेंदूपत्ता के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा लगातार सघन गश्त एवं निगरानी की जा रही है। ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र की ओर संभावित अवैध परिवहन को रोकने हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग की जा रही है तथा अवैध परिवहन एवं भंडारण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
वन विभाग द्वारा गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण की सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। साथ ही संग्राहकों को पारिश्रमिक भुगतान की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। वर्तमान तक लगभग 54 लाख 48 हजार 619 रुपये की राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।
