सुकमा में पेट्रोल-डीजल संकट से आमजन परेशान

सुकमा :- जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि पेट्रोल पंपों में दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि चारपहिया वाहनों में भी 1000 से 2000 रुपये तक ही डीजल भरने की अनुमति दी जा रही है।

सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हो रही है जिनके वाहन बीच रास्ते में बंद हो जा रहे हैं। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा डब्बे या बोतल में पेट्रोल-डीजल देने से मना किया जा रहा है, जिससे दूरदराज से आने वाले वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।

इसी बीच सुकमा जिले से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने लोगों की मुश्किलों को उजागर कर दिया है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति का बाइक का पेट्रोल रास्ते में खत्म हो गया था। वह करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय कर किसी तरह पेट्रोल पंप पहुंचा, लेकिन उसे डब्बे में पेट्रोल देने से मना कर दिया गया। इसके बाद मजबूरी में उसने अपनी बाइक का पेट्रोल टैंक खोलकर पेट्रोल पंप तक पहुंचाया, तब जाकर उसे केवल 200 रुपये का पेट्रोल दिया गया।

इस पूरे मामले के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। आमजन का कहना है कि जरूरतमंदों को कम से कम आपात स्थिति में डब्बे में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि रास्ते में फंसे लोगों को राहत मिल सके। वहीं जिले में पेट्रोल-डीजल की सीमित आपूर्ति को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *