कलेक्टोरेट के पीछे कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का खेल, नोटिस के बाद भी जारी निर्माण

सुकमा :- जिला मुख्यालय में कलेक्टोरेट के पीछे कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई के दावों के बावजूद मौके पर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग का काम धड़ल्ले से जारी है।

जानकारी के मुताबिक नगर पालिका द्वारा संबंधित लोगों को नोटिस तो थमा दिया गया, लेकिन उसके बाद भी जमीन पर निर्माण कार्य नहीं रुका। इससे नगर प्रशासन और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

करोड़ों रुपये की जमीन पर नियमों को ताक पर रखकर प्लॉटिंग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग सिर्फ नोटिसबाजी तक सीमित नजर आ रहे हैं। मौके पर न तो बुलडोजर चला और न ही किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई दिखाई दी।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रशासन की जानकारी के बावजूद अवैध निर्माण कैसे जारी है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है?

वहीं अब आम लोगों में यह चर्चा तेज हो गई है कि अगर कृषि भूमि पर खुलेआम अवैध प्लॉटिंग होती रही और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा, तो नियम-कानून सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी सिर्फ नोटिस और जांच तक सिमट कर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *