12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 212 बटालियन सीआरपीएफ एटापक्का में हुआ विशेष आयोजन
एटापक्का :- 212 बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एटापक्का में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रही।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय एवं बल मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे 212 बटालियन के कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि, “उम्र बढ़ना प्रकृति है, पर बीमार होकर जीना विकल्प है। योग वह माध्यम है, जिससे हम अपनी वृद्धावस्था को सक्रिय, सम्मानजनक और रोगमुक्त बना सकते हैं। स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का संदेश हम सभी को घर-घर तक पहुंचाना होगा।” उन्होंने योग से होने वाले विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत गर्दन, कंधे, कलाई एवं टखनों के संचालन कराए गए। इसके अलावा वृक्षासन एवं ताड़ासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले योगासन तथा अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं उज्जायी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिनसे मानसिक शांति एवं उच्च रक्तचाप नियंत्रण के उपाय बताए गए।

योग कार्यक्रम में बटालियन मुख्यालय के अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुमित सहगल, सीएमओ (एसजी)/कमांडेंट चिकित्सा, गौरव शर्मा, उप कमांडेंट, अधीनस्थ अधिकारी, जवान तथा स्थानीय स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सीआरपीएफ द्वारा आमजन से अपील की गई कि “एक कदम स्वास्थ्य की ओर, एक कदम योग की ओर” बढ़ाते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
