12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 2वीं वाहिनी सीआरपीएफ में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित
सुकमा :- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 2वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सबरीनगर, सुकमा में कमांडेंट कमलेश कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शासकीय आवासीय छात्रा विद्यालय, सुकमा की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित जिला महामंत्री भाजपा, सुकमा विश्वराज सिंह चौहान ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक महत्व तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी।
इस अवसर पर 2वीं वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई तथा नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग सत्र के दौरान शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन एवं आत्मिक उन्नति में योग की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया।
अपने संबोधन में कमांडेंट कमलेश कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत एवं विश्व को दिया गया अमूल्य उपहार है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच का भी विकास करता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और इसके संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास, धन्यवाद ज्ञापन एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
