संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी छात्रों का हुआ भव्य स्वागत, पुस्तक-गणवेश का भी किया गया वितरण
सुकमा :- विकासखंड कोंटा अंतर्गत संकुल केंद्र जगरगुंडा, सिलगेर, मिसिगुड़ा, मिलमपल्ली एवं बंजेपल्ली में मंगलवार को जगरगुंडा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्रों का पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं टीका लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को शासन की योजनाओं के तहत निःशुल्क पुस्तक, कॉपी, पेन एवं गणवेश का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने बच्चों को सामग्री प्रदान करते हुए मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जनपद सदस्य जानकी कवासी, जगरगुंडा ग्राम पंचायत के सरपंच नित्या कोसमा, एलमपल्ली सरपंच माड़वी मंगड़ी, जगरगुंडा पंच कलावती, विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष अनिल टावरी, भूतपूर्व छात्र रवि गुप्ता एवं दीपक गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संकुल अंतर्गत सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण का संदेश दिया गया तथा शाला प्रवेशोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया।
शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव : कोरसा सन्नू
जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और नियमित रूप से विद्यालय आए। आज जिन नन्हे बच्चों ने विद्यालय में पहला कदम रखा है, वे कल हमारे समाज और देश का भविष्य बनेंगे। अभिभावकों से भी मेरा आग्रह है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करें। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर बच्चे आगे बढ़ें और अपने क्षेत्र, समाज तथा जिले का नाम रोशन करें। सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
