मरईगुड़ा वन क्षेत्र में सामूहिक रूप से सुना गया प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम का 135वां एपिसोड
सुकमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 135वें एपिसोड का मरईगुड़ा वन क्षेत्र में सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, डीएफओ अक्षय दिनकर भोसले सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उनके जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को आत्मसात किया।

इस दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री का “मन की बात” कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने वाला मंच बन चुका है। यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनसहभागिता और विकास के कार्यों से जोड़ने का माध्यम है। मरईगुड़ा वन क्षेत्र में आयोजित इस सामूहिक श्रवण कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रधानमंत्री के संदेशों को सुना और राष्ट्रहित में जनभागीदारी का संकल्प दोहराया।
