राम मंदिर चंदा और ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का हमला, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
सुकमा :- गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुकमा जिला प्रभारी अवधेश गौतम ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं और राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे के उपयोग को लेकर केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग की।इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने हांथ में तख्ती लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सुकमा बस स्टैंड में विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी, पूर्व नपा अध्यक्ष राजू साहू, गीता कवासी, गुलाम मुर्तजा, हुसैन बाबा, शेख सज्जर एवं अन्य मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में जिला प्रभारी अवधेश गौतम ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं से एकत्र किए गए चंदे के उपयोग को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी ने कहा कि ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों पर पहले से ही कथित गड़बड़ियों के आरोप लगे हैं और मामले में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी है तो स्वतंत्र जांच से परहेज नहीं होना चाहिए। पार्टी ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि शीर्ष स्तर के जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं की गई है।
कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच, कथित रूप से जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन तथा राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे और खर्च का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल की।
