आत्मानंद विद्यालय छिंदगढ़ में यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
सुकमा/छिंदगढ़। थाना छिंदगढ़ पुलिस द्वारा आत्मानंद विद्यालय छिंदगढ़ में विद्यार्थियों के लिए यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रणजीतप्रतापसिंह सिकरवार ने छात्रों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को नाबालिको द्वारा वाहन चलाने से जुड़े कानूनी प्रावधानों और उसके दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। पुलिस ने छात्रों से अपील की कि वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले किसी भी प्रकार का वाहन न चलाएं तथा अपने अभिभावकों और परिचितों को भी इस संबंध में जागरूक करें।
कार्यक्रम में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। पुलिस ने किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की सलाह दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए छात्रों से सीखी गई बातों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आग्रह किया।
