छिंदगढ़ की बेटी शिवांगी सिंह परिहार बनीं सुकमा टॉपर 10वीं बोर्ड परीक्षा में 97.33% अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान

सुकमा :- जिले के छिंदगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की छात्रा शिवांगी सिंह परिहार ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे जिले में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिवांगी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाला सुकमा अब शिक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद यहां के विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। शिवांगी की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों ने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और अनुशासित रही हैं। वहीं गांव के लोगों ने भी मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिवांगी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा है।

“मैं आगे भी इसी तरह मेहनत कर अपने माता-पिता और जिले का नाम रोशन करना चाहती हूं।” शिवांगी सिंह परिहार की यह सफलता न सिर्फ सुकमा जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा भी बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *