अतिसंवेदनशील भटपाल में गूंजा खेल और विकास का संदेश, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
सुकमा :- जिला कभी नक्सल प्रभाव और दहशत के लिए पहचाने जाने वाले अतिसंवेदनशील क्षेत्र ग्राम पंचायत बड़ेकेड़वाल के आश्रित ग्राम भटपाल में अब बदलाव की तस्वीर दिखाई दे रही है। गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी पहुंचे, जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किया।

ग्रामीणों और युवाओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में हरीश कवासी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर माड़वी देवा, लक्ष्मण मंडावी, बुरकापाल सरपंच लक्ष्मण मंडावी, एलमागुंडा सरपंच, भटपाल पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों की समस्या सुन जल्द निराकरण का दिया आश्वासन
वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क, बिजली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत समस्याओं से कांग्रेस जिलाध्यक्ष को अवगत कराया। हरीश कवासी ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन मुद्दों को जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेंगे और जल्द निराकरण के लिए पहल करेंगे।
