सुकमा में शुरू हुई डायल-112 सेवा, अब आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी पुलिस सहायता
सुकमा :- आमजन की सुरक्षा और त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में सुकमा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देश पर थाना कोतवाली सुकमा क्षेत्र में डायल-112 आपातकालीन सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस सेवा के शुरू होने से अब नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।

पुलिस विभाग के अनुसार डायल-112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, विवाद, संदिग्ध गतिविधियों, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों सहित कानून व्यवस्था से संबंधित मामलों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। इससे पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
जिला पुलिस ने बताया कि आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार जिले के अन्य महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में भी किया जाएगा, ताकि दूरस्थ एवं ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी तुरंत पुलिस सहायता का लाभ मिल सके।
सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में बिना संकोच डायल-112 सेवा का उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
