मराईगुड़ा में गूंजी ‘मन की बात’, मंत्री केदार कश्यप ने कहा— अब नक्सलवाद मुक्त है बस्तर

सुकमा :-  वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने अपने दो दिवसीय सुकमा प्रवास के दौरान रविवार को मराईगुड़ा में ग्रामीणों, मातृशक्ति एवं बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मराईगुड़ा सहित पूरा क्षेत्र अब नक्सलवाद के भय से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब इस क्षेत्र में नक्सली हिंसा के कारण अनेक लोगों और सुरक्षा बलों के जवानों ने अपने प्राण गंवाए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चलाए गए प्रभावी अभियान के परिणामस्वरूप आज बस्तर नक्सलवाद से मुक्ति की ओर बढ़ चुका है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सुकमा जिला प्रदेश के सबसे समृद्ध और विकसित क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाएगा। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना का काम पूरी तरह ठप हो गया था, जबकि वर्तमान सरकार जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मराईगुड़ा में 350 से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री कश्यप ने कहा कि जो ग्रामीण अभी भी प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रस्ताव भेजे गए हैं। सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *