केरातोंग पंचायत में कांग्रेस की बड़ी सेंध, CPI छोड़ 114 ग्रामीण हुए कांग्रेस में शामिल
मारीपारा और माटापारा के ग्रामीणों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी की मौजूदगी में थामा कांग्रेस का दामन, संगठन को मिली नई मजबूती

सुकमा :- जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक के केरातोंग ग्राम पंचायत में कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक सफलता मिली है। केरातोंग ग्राम पंचायत के मारीपारा के 64 और माटापारा के 50 सहित कुल 114 से अधिक ग्रामीणों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में सभी ग्रामीणों ने कांग्रेस का गमछा पहनकर पार्टी में प्रवेश किया। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल हुए ग्रामीणों ने बताया कि वे पूर्व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विधायक कवासी लखमा द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़े हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने सभी नए सदस्यों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नए साथियों के शामिल होने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता मिलकर केरातोंग पंचायत सहित पूरे सुकमा जिले में संगठन को और सशक्त बनाएंगे तथा विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प भी दोहराया।
