सुकमा में स्कूल निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने सरकार को घेरा

सुकमा :- जिले के कोंटा विकासखंड के तिमापुरम-2 में नवनिर्मित प्राथमिक स्कूल भवन के निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव दुर्गेश राय ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया है।

दुर्गेश राय ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के विपरीत किया गया है। उनके अनुसार भवन की छत बिना पर्याप्त बीम (कॉलम) के ढाली गई है। पहली ही बारिश में छत से पानी रिसने लगा है, जबकि भवन की चारों दीवारों में दरारें दिखाई देने लगी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण की खामियों को छिपाने के लिए बीम के सरियों वाले हिस्सों पर प्लास्टर कर दिया गया। उनका दावा है कि भारी बारिश की स्थिति में यह भवन कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे बच्चों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

प्रेस वार्ता में दुर्गेश राय ने कहा, “कोंटा के तिमापुरम में बच्चों के स्कूल भवन को बिना बीम के खड़ा कर दिया गया है। ऐसे कमजोर भवन में बच्चे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा कैसे प्राप्त करेंगे? यह सीधे तौर पर मासूम बच्चों की जान को जोखिम में डालने जैसा है।”

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के दौरे हो रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस निर्माण कार्य को स्वीकृति देने वाले संबंधित सब-इंजीनियर, ठेकेदार तथा जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके।

दुर्गेश राय ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद काफी हद तक सिमट चुका है, इसलिए अब सरकार को प्रशासनिक और ठेकेदारी व्यवस्था में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी तथा इस मामले को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *