85 परिवारों को बेघर करने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

नकटी गांव में मकान तोड़े जाने पर भाजपा सरकार पर साधा निशाना, न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

सुकमा :- ग्राम नकटी में 85 परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार ने वर्षाकाल के दौरान ग्राम नकटी के 85 गरीब परिवारों के घर तोड़ दिए, जिससे दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

पार्टी ने इस कार्रवाई को गरीब विरोधी बताते हुए तत्काल प्रभावित परिवारों को न्याय और पुनर्वास देने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी तानाशाही का परिचय दे रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में 85 परिवारों को बेघर करना अमानवीय और क्रूर कदम है। कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में जिला एवं नगर कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *