गादीरास में हरीश कवासी का छात्र संवाद, NEET पेपर लीक पर जताई चिंता; शिक्षा, रोजगार और युवा नेतृत्व पर की चर्चा
सुकमा :- जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी ने शनिवार को गादीरास में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शिक्षा का अधिकार, शिक्षा की गुणवत्ता, युवा नेतृत्व, रोजगार के अवसर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
संवाद के दौरान छात्रों ने शिक्षकों की कमी, छात्रावास की सुविधाओं के अभाव तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याएं रखीं। इस पर हरीश कवासी ने कहा कि छात्रों की सभी मांगों को जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का मुद्दा भी उठा। इस पर हरीश कवासी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर छात्रों के हितों की रक्षा करते हुए निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
कवासी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का संवैधानिक अधिकार है और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की कमी दूर करने तथा लैब, लाइब्रेरी और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से राजनीति और नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा तक युवाओं की भागीदारी जिले के भविष्य को मजबूत करेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा कौशल विकास पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में हरीश कवासी ने “युवा संवाद मंच” बनाने का आश्वासन दिया, ताकि छात्रों की समस्याओं और सुझावों को नियमित रूप से सुना जा सके। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
