सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.700 किलो गांजा के साथ तेलंगाना के दो तस्कर गिरफ्तार

सुकमा :- सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष “आगाज़” अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना कोंटा पुलिस ने ओडिशा के मलकानगिरी से तेलंगाना ले जाए जा रहे 10.700 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 6.73 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह (आईपीएस) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंटा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ओडिशा के एमवी-72 (मलकानगिरी) से एक बोरी में गांजा लेकर कोंटा होते हुए तेलंगाना जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी डॉ. प्रशांत देवांगन और थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कृष्णा मंदिर चौक-ढोढरा मार्ग पर घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध स्कूटी छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमीन बसीर शाह (39 वर्ष) और वी. नरेश (22 वर्ष), निवासी जिला रंगारेड्डी (तेलंगाना) के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान सफेद रंग की बोरी से 10.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा मलकानगिरी से खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से तेलंगाना ले जा रहे थे। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 5.35 लाख रुपये आंकी गई है। स्कूटी सहित कुल जब्ती 6.73 लाख रुपये की हुई है। इस मामले में थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 20/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ख) के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने कहा कि “आगाज़” अभियान के तहत जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अवैध मादक पदार्थों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही नशा-मुक्त और सुरक्षित सुकमा का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *