सुकमा में सुरक्षा और विकास पर SP मयंक गुर्जर की पत्रकार वार्ता, बोले- शांति और विकास साथ-साथ बढ़ रहे हैं

सुकमा। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सुकमा में शांति और विकास का वातावरण लगातार मजबूत हो रहा है।

SP ने बताया कि जिले के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा बलों की सतत मौजूदगी, जनसहयोग और सरकार की विकास योजनाओं के प्रभाव से आम नागरिकों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि शांति और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और इनके लिए प्रशासन तथा जनता की सहभागिता बेहद जरूरी है।

पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों, जनसुविधाओं और पुलिस की आगामी कार्ययोजना से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका SP ने विस्तार से जवाब दिया। अंत में पुलिस अधीक्षक ने मीडिया की रचनात्मक भूमिका की सराहना करते हुए आम नागरिकों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने, कानून का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *