कांग्रेस का प्रदर्शन: लोकतंत्र पर हमले का आरोप, केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन

सुकमा :- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सुकमा जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कावासी ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कावासी ने कहा कि पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई सांसदों के साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से बल प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कावासी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष समेत अन्य नेताओं को पुलिस के माध्यम से रोकना और गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने इसे विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास बताया।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती है और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव, शहर और सड़क से लेकर सदन तक जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहेगा।

प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *