नीट अभ्यर्थी की आत्महत्या पर सुकमा में कैंडल मार्च, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
सुकमा। जगदलपुर के आड़ावाल निवासी नीट अभ्यर्थी स्वर्गीय सुरला हरिका राव नायडू की आत्महत्या से हुई मौत पर सुकमा जिला मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी द्वारा कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस हृदयविदारक घटना को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा की मौजूदगी में घड़ी चौक से कैंडल मार्च की शुरुआत हुई। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नगर के नागरिक भी शामिल हुए। कैंडल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पहुंचा, जहां सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि छात्रों पर परीक्षा और प्रतिस्पर्धा का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में समाज, परिवार और संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें मानसिक सहयोग दें, ताकि कोई भी छात्र खुद को अकेला महसूस न करे।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा के दबाव को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

